scorecardresearch
Friday, 28 June, 2024
होमदेशसिक्किम बाढ़: सेना के आठ कर्मियों के अवशेष मिले

सिक्किम बाढ़: सेना के आठ कर्मियों के अवशेष मिले

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि सिक्किम में बाढ़ के बाद लापता हुए सैनिकों के एक समूह में शामिल आठ सैन्य कर्मियों के अवशेष मिले हैं।

सिक्किम में बुधवार को बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद सेना के 23 जवान लापता हो गये थे। उस दिन बाद में एक सैनिक को बचा लिया गया था।

सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में सेना के आठ कर्मियों समेत कई लोगों की मृत्यु होने से बहुत दुखी हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि शेष 14 सैनिकों और लापता नागरिकों को बचाने के लिए खोजबीन अभियान जारी है।

सिंह ने कहा, ‘‘हाल में सिक्किम में बादल फटने से आई बाढ़ में आठ सैन्यकर्मियों सहित कई लोगों की मृत्यु हो जाने से बहुत दुखी हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लापता 23 सैनिकों में से एक को बचा लिया गया, जबकि आठ वीर सैनिकों के अवशेष मिले हैं। राष्ट्र की सेवा के लिए अग्रिम क्षेत्रों में तैनात रहने के दौरान दिये गए उनके बलिदान को भुलाया नहीं जाएगा।’’

सिंह ने कहा, ‘‘शेष 14 सैनिकों और लापता नागरिकों को बचाने के लिए खोजबीन अभियान जारी है।’’

राज्य सरकार के अनुसार, अचानक आई बाढ़ से 25 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, 1,200 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए और सिक्किम में 13 पुल बह गए।

भाषा देवेंद्र सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments