गंगटोक, 22 जून (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का बुधवार को समर्थन किया।
तमांग ने कहा कि उनकी पार्टी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा राजग की सहयोगी होने के नाते मुर्मू की उम्मीदवारी का बिना शर्त समर्थन करेगी । उन्होंने विश्वास जताया कि वह विजयी होंगी और आदिवासी समूदाय से देश की पहली राष्ट्रपति बनेंगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखे पोस्ट में कहा, “ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित करने के भाजपा संसदीय बोर्ड के निर्णय का तहे दिल से स्वागत करता है।”
तमांग ने कहा, “हम उन्हें राष्ट्रपति चुनाव 2022 में पहली आदिवासी महिला उम्मीदवार बनने के लिए बधाई देते हैं। यह वास्तव में भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा लिया गया एक बड़ा निर्णय है … मुझे विश्वास है कि उनका गरिमामय व्यक्तित्व देश के कद को और ऊंचा करेगा।”
सिक्किम की 32 सदस्यीय विधानसभा में एसकेएम के 19 विधायक हैं और भाजपा के 12 सदस्य हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता मुर्मू को आगामी राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की है।
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
