गंगटोक, 10 मई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री पी एस तमांग ने नियंत्रण रेखा पर नागरिकों पर पाकिस्तानी गोलाबारी की शनिवार को निंदा की और इस तरह के हमले में जम्मू कश्मीर के एक अधिकारी की मृत्यु होने पर शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री तमांग ने राज कुमार थापा को श्रद्धांजलि देते हुए फेसबुक पर पोस्ट किया। जम्मू क्षेत्र के राजौरी स्थित थापा के सरकारी आवास पर पाकिस्तान की ओर से सीमापार से गोलाबारी में उनकी जान चली गई।
तमांग ने कहा कि वह जम्मू कश्मीर के अधिकारी की दुखद और असामयिक मृत्यु से गहरे सदमे और दुःख में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार तड़के राजौरी, पुंछ और जम्मू जिलों में पाकिस्तान द्वारा की गई भारी गोलाबारी में थापा सहित पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
तमांग ने कहा, ‘‘थापा एक ईमानदार लोक सेवक थे, जो अपनी अटूट प्रतिबद्धता, ईमानदारी और लोगों के प्रति अथक सेवा के लिए जाने जाते थे। उनका निधन न केवल उनके परिवार और सहकर्मियों के लिए बल्कि पूरे गोरखा समुदाय और पूरे देश के लिए एक बड़ी क्षति है।’’
उन्होंने उनके शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों के प्रति ‘‘गहरी संवेदना जतायी जिन्होंने उनके साथ काम किया था। तमांग ने कहा, ‘‘मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा करता हूं। नागरिकों और अधिकारियों पर हमले बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य हैं। हम शांति और न्याय के लिए अपनी निरंतर प्रतिबद्धता में एक साथ खड़े हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि राजौरी के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा और उनके स्टाफ के दो कर्मचारी शहर में उनके (थापा के) आवास पर गोला गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां थापा ने दम तोड़ दिया।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.