नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में पिछले साल हुई एक गोलीबारी की घटना में वांछित 26 वर्षीय व्यक्ति को पंजाब में छापेमारी के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी शूटर की पहचान जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी के रूप में हुई है, जो हरियाणा के अंबाला का रहने वाला है। वह करीब एक साल से फरार था और कथित तौर पर अमृतसर के एक धार्मिक स्थल में छिपकर रह रहा था।
उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ अप्रैल 2025 में भारतीय न्याय संहिता एवं हथियार कानून के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘पंजाब के बदमाश गुरजंट सिंह उर्फ जंटा के कहने पर कथित तौर पर जबरन वसूली और उसके बाद गोलीबारी की गई थी।’’
पुलिस के अनुसार, कथित वसूली की शुरुआत पिछले साल मार्च में हुई थी, जब जगतपुरी के रहने वाले व्यक्ति को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कई धमकी भरे कॉल और संदेश मिले, जिनमें चार करोड़ रुपये की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि जब पीड़ित ने पैसे देने से मना कर दिया, तो एक और दो अप्रैल की रात को उसके घर पर गोलियां चलाई गईं जिसके बाद इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
भाषा रंजन नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
