अकोला, दो मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के अकोला शहर में अज्ञात व्यक्तियों ने शिवसेना (उबाठा) के एक पदाधिकारी की कार पर उस समय कथित तौर पर हमला किया, जब वह घर लौट रहे थे।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार रात को सिविल लाइंस पुलिस थाने के तहत आने वाले उमरी इलाके में हुई।
पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए शिवसेना (उबाठा) के शहर प्रमुख राहुल कराडे ने कहा कि वह अपने पैतृक गांव से अकोला में अपने घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने तलवार और लोहे की छड़ों से उनकी कार पर हमला कर दिया।
कराडे ने आरोप लगाया कि हमलावर उन्हें जान से मारना चाहते थे और उन्होंने इस घटना की जानकारी अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चंदक को दी।
एक अधिकारी ने बताया कि बाद में उन्होंने सिविल लाइंस पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
अकोला जिले के बालापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शिवसेना (उबाठा) विधायक नितिन देशमुख ने हमले की निंदा की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
भाषा गोला दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
