scorecardresearch
Tuesday, 12 August, 2025
होमदेशशिबू सोरेन सामाजिक न्याय के अडिग पक्षधर के रूप में याद किये जाएंगे : मणिपुर राज्यपाल

शिबू सोरेन सामाजिक न्याय के अडिग पक्षधर के रूप में याद किये जाएंगे : मणिपुर राज्यपाल

Text Size:

इंफाल, चार अगस्त (भाषा) मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनजातीय अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाले एक अडिग नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार सुबह नयी दिल्ली के एक अस्पताल में गुर्दे की समस्या के चलते 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है ‘‘मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने वरिष्ठ सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।’’

बयान में आगे कहा गया, ‘‘ सोरेन को जनजातीय अधिकारों और सामाजिक न्याय के अडिग पक्षधर के रूप में याद किया जाएगा। भारतीय राजनीति में उनका योगदान एक स्थायी विरासत छोड़ता है। दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति मिले।’’

मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और जनजातीय समुदायों के अधिकारों व कल्याण के लिए निरंतर संघर्ष करने वाले दूरदर्शी नेता शिबू सोरेन के निधन से मैं गहरा दुखी हूं। उनका योगदान और सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण सदैव याद रखा जाएगा।’’

सिंह ने कहा, ‘‘मैं उनके परिवार, झारखंड की जनता और उनके सभी समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका साहस, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।’’

भाषा मनीषा माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments