scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशशरद पवार और राकांपा के अन्य लोगों ने उद्धव को शिवसेना में बगावत के बारे में आगाह किया था: अजीत पवार

शरद पवार और राकांपा के अन्य लोगों ने उद्धव को शिवसेना में बगावत के बारे में आगाह किया था: अजीत पवार

Text Size:

पुणे, तीन फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजीत पवार ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष शरद पवार और पार्टी के कुछ अन्य लोगों ने महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को उनकी पार्टी शिवसेना में संभावित बगावत के बारे में आगाह किया था, लेकिन वह इसको लेकर आश्वस्त थे कि उनके विधायक ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे।

तत्कालीन कैबिनेट मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में अविभाजित शिवसेना के विधायकों के एक गुट ने पिछले साल जून में ठाकरे के नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी, जिसके बाद महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार गिर गई थी। बाद में बागी विधायकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एकसाथ मिलकर शिंदे के नेतृत्व में सरकार बना ली थी।

लोकमत के संपादक संजय आवटे ने एक साक्षात्कार के दौरान अजीत पवार से सवाल किया कि क्या एमवीए सरकार में शिवसेना में बगावत के बारे में कोई आभास था, इस पर पवार ने कहा कि इस तरह की आशंका के बारे में बहुत पहले ही संकेत थे और ठाकरे को इसके बारे में सूचित किया गया था।

राकांपा नेता अजीत पवार ने कहा, ‘‘पवार साहेब (शरद पवार) ने खुद ठाकरे को सूचित किया था। पवार साहेब ने ठाकरे को फोन भी किया था और उन्हें इसके बारे में (शिवसेना में संभावित बगावत) बताया था। हालांकि, उद्धव जी ने कहा था कि उन्हें अपने विधायकों पर भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि वे इस तरह का कदम नहीं उठाएंगे।’’

भाषा जितेंद्र अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments