पटना, 20 अप्रैल (भाषा) बिहार के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू चलने के चलते शनिवार को राज्य में कम से कम 11 स्थानों पर पारा 42 डिग्री सेल्सियस या उसके पार पहुंच गया। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बिहार के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहेगी।
शनिवार को सबसे अधिक 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान बिहार के शेखपुरा जिले में दर्ज किया गया जबकि औरंगाबाद में 43.7 डिग्री सेल्सियस, जमुई और नवादा में 43.2-43.2 डिग्री सेल्सियस, गया में 43 डिग्री सेल्सियस, भोजपुर में 42.7 डिग्री सेल्सियस, डेहरी और बांका में 42.6-42.6 डिग्री सेल्सियस, खगड़िया में 42.5 डिग्री सेल्सियस, पटना में 42.2 डिग्री सेल्सियस और मधुबनी में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना जिला प्रशासन ने बढ़ते तापमान को देखते हुए शनिवार से विद्यालयों का समय बदल दिया है।
पटना के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक द्वारा शुक्रवार को जारी एक आदेश के अनुसार राज्य राजधानी के सभी विद्यालयों का समय सुबह 6.30 बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे तक किए जाने का निर्देश दिया गया है। इसके अनुसार बीस अप्रैल से लागू यह आदेश 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा।
भाषा अनवर अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.