scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र के ठाणे में पानी की टंकी फटने से कई मकान क्षतिग्रस्त, बुजुर्ग महिला घायल

महाराष्ट्र के ठाणे में पानी की टंकी फटने से कई मकान क्षतिग्रस्त, बुजुर्ग महिला घायल

Text Size:

ठाणे (महाराष्ट्र), 23 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे शहर की एक बस्ती में इस्पात की चादरों से बनी पानी की एक टंकी के शनिवार तड़के फट जाने से कम से कम छह मकान नष्ट हो गए और 15 अन्य मकान क्षतिग्रस्त हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

अधिकारियों ने बताया कि वागले एस्टेट इलाके में एक पहाड़ी पर स्थित रूपा देवी पाड़ा गांव में हुई इस घटना में 75 वर्षीय एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि इस टंकी को 2009 में ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने एक खुली जगह पर बनाया था। अधिकारी ने बताया कि इस टंकी की जल भंडारण क्षमता 75,000 लीटर थी।

टीएमसी के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने कहा, ‘‘रूपा देवी पाड़ा में एक ऊंचे ढांचे पर रखी पानी की टंकी सुबह करीब साढ़े छह बजे अचानक फट गई और पानी जबरदस्त बहाव के साथ निकट स्थित मकानों मे घुस गया। इसके कारण 21 मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें से छह मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए।’’

उन्होंने बताया कि आरडीएमसी और ठाणे आपदा मोचन बल (टीडीआरएफ) के दल घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और उन्होंने राहत अभियान चलाया। उन्होंने कहा, ‘‘तनुबाई मुथे नाम की एक बुजुर्ग महिला इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’

यह इलाका मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के प्रतिनिधित्व वाले कोपरी पाचपाखाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

भाषा सिम्मी अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments