scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशतकनीकी गड़बड़ी के कारण दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सेवाएं एक घंटे के लिए बाधित रहीं

तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सेवाएं एक घंटे के लिए बाधित रहीं

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के एक हिस्से पर तकनीकी खराबी के कारण सेवाएं करीब एक घंटे तक बाधित रहीं।

अधिकारियों ने बताया कि ओएचई (ओवरहेड उपकरण) में कुछ समस्या पैदा हो गई थी। येलो लाइन दिल्ली के समयपुर बादली और गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर को जोड़ती है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने यात्रियों को अलर्ट करते हुए अपराह्न करीब एक बजे ट्वीट किया, ‘‘येलो लाइन संबंधी ताजा जानकारी: समयपुर बादली और विश्वविद्यालय के बीच सेवाओं में विलंब। अन्य सभी लाइन पर सेवाएं सामान्य।’’

उसने अपराह्न करीब दो बजे एक अन्य ट्वीट किया कि सामान्य सेवाएं बहाल हो गई हैं।

बाद में डीएमआरसी ने एक बयान जारी करके कहा, ‘‘येलो लाइन पर विश्वविद्यालय और जहांगीरपुरी के बीच अपराह्न 12:55 से 2 बजे के बीच आदर्श नगर स्टेशन पर अप लाइन (समयपुर बादली जाने वाली) के ओएचई में हल्की खराबी आने के कारण सेवा प्रभावित रही। प्रभावित समय में विश्वविद्यालय से हुडा सिटी सेंटर के बीच शॉर्ट लूप सर्विस मुहैया करायी गई।’’

बयान के अनुसार, ‘‘विश्वविद्यालय से जहांगीरपुरी सेक्शन पर एक ही लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई और वही ट्रेन जहांगीरपुरी से आगे समयपुर बादली तक सामान्य रूट पर गयी।’’

डीएमआरसी ने अपने बयान में कहा, ‘‘हुडा सिटी सेंटर से समयपुर बादली तक पूरी येलो लाइन पर सामान्य सेवा अपराह्न दो बजे के बाद बहाल हो गई।’’

दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर जून में कई बार सेवाएं बाधित हुई हैं। ब्लू लाइन दिल्ली के द्वारका सेक्टर- 21 और नोएडा के इलेक्ट्रानिक सिटी को जोड़ती है। यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन से इसकी एक शाखा गाजियाबाद के वैशाली तक जाती है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने बताया था कि मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर एक ट्रेन में आई गड़बड़ी के कारण रविवार को सेवाएं कुछ देर बाधित रहीं।

इससे पहले, नौ जून को ब्लू लाइन पर एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी आने के कारण यात्री दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे थे। इसी लाइन पर छह जून को तकनीकी गड़बड़ी के कारण सेवाएं डेढ़ घंटे बाधित रही थीं।

भाषा अर्पणा दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments