scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशमाकपा के वरिष्ठ नेता टी शिवदास मेनन का निधन

माकपा के वरिष्ठ नेता टी शिवदास मेनन का निधन

Text Size:

मलप्पुरम (केरल), 28 जून (भाषा) माकपा के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व वित्त मंत्री टी शिवदास मेनन का मंगलवार को उम्र संबंधी बीमारियों की वजह से निधन हो गया। वह 90 साल के थे ।

सूत्रों ने बताया कि मेनन ने कोझीकोड के एक निजी अस्पताल में पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे अंतिम सांस ली जहां उनका इलाज चल रहा था।

उनके परिवार में दो बेटियां हैं। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को मंजेरी में किया जाएगा।

मेनन ने अपने करियर की शुरुआत मन्नारक्कड़ में एक स्कूल शिक्षक के तौर पर की थी और वह शिक्षक संघों को गठित कर राजनीति में आए।

इस क्षेत्र में अहम पदों पर रहने के बाद मेनन माकपा के प्रतिष्ठित नेता बन गए। वह पलक्कड़ जिले की मलप्पुझा सीट से 1987, 1991 और 1996 में विधानसभा के लिए चुने गए।

मेनन ईके नयनारी के नेतृत्व में 1987-1991 तक चली माकपा नीत एलडीएफ सरकार में बिजली और ग्रामीण विकास मंत्री रहे।

बाद में वह 1996-2001 तक केरल के वित्त मंत्री रहे। वह माकपा के राज्य सचिव समेत पार्टी में विभिन्न पदों पर आसीन रहे।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने मेनन के निधन पर दुख जताया है।

अपने शोक संदेश में खान ने कहा, “उनकी प्रशासनिक क्षमता और वक्तृत्व-कला की सभी राजनीतिक दलों ने प्रशंसा की। उनकी आत्मा को मुक्ति मिले।”

विजयन ने कहा कि वह चरम वामपंथ और अति दक्षिणपंथी बदलावों के खिलाफ मार्क्सवाद-लेनिनवाद की सटीक वैचारिक स्थिति पर टिके रहकर पार्टी के निर्माण में शामिल रहे।

कांग्रेस नेता सतीशन ने कहा कि मेनन हमेशा विपक्ष के लिए एक आदर्श रहेंगे क्योंकि उन्होंने राज्य विधानसभा में राजनीतिक गातिरोध के बीच उनके साथ नरमी से बर्ताव किया था।

भाषा नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments