गंगटोक, तीन जून (भाषा) सिक्किम में तीस्ता नदी में कार गिरने के बाद लापता हुए आठ पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मंगलवार को तलाश अभियान पांचवें दिन में प्रवेश कर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ये आठ पर्यटक उस वाहन में सवार 11 लोगों में शामिल थे, जो 29 मई की रात को मंगन जिले में लाचेन-लाचुंग राजमार्ग पर मुंशीथांग के पास नदी में 1,000 फीट से अधिक नीचे गिर गया था।
इस हादसे के बाद दो लोगों को बचा लिया गया था, जबकि एक का शव दुर्घटना के तुरंत बाद बरामद कर लिया गया था।
लापता आठ पर्यटकों की तलाश राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, वन विभाग, पर्यटन विभाग, टीएएएस (सिक्किम ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन) और पुलिस के कर्मियों द्वारा की जा रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि लापता लोगों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
उन्होंने बताया कि नदी के निचले इलाकों में व्यापक खोज की गई, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
इस वाहन में सवार 11 लोगों में से दो की पहचान ओडिशा के रहने वाले स्वयं सुप्रतिम नायक और साईराज जेना के रूप में हुई है, जिन्हें दुर्घटना की रात ही बचा लिया गया था।
अधिकारी ने बताया कि लापता आठ पर्यटकों में से चार ओडिशा के हैं तथा दो-दो त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश के हैं।
उन्होंने बताया कि लापता आठ पर्यटकों की पहचान ओडिशा निवासी अजीत कुमार नायक, सुनीता नायक, साहिल जेना और इतिश्री जेना, त्रिपुरा निवासी देबज्योति जॉय देव और स्वप्ननील देब तथा उत्तर प्रदेश निवासी कौशलेंद्र प्रताप सिंह और अंकिता सिंह के रूप में हुई है।
चालक की पहचान उत्तरी सिक्किम के सिंघिक निवासी पासांग डेनु शेरपा के रूप में हुई है।
भाषा योगेश रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.