scorecardresearch
सोमवार, 23 जून, 2025
होमदेशसाहित्य अकादमी का छह दिवसीय साहित्योत्सव शुक्रवार से

साहित्य अकादमी का छह दिवसीय साहित्योत्सव शुक्रवार से

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) साहित्य अकादमी के इस शुक्रवार से शुरू हो रहे छह दिवसीय वार्षिक साहित्योत्सव के दौरान 100 से अधिक सत्रों में 700 से ज्यादा विख्यात लेखक और विद्वान भाग लेंगे।

अकादमी के सचिव के. श्रीनिवास राव ने यहां एक प्रेस वार्ता में बुधवार को बताया कि सात मार्च को इस साहित्योत्सव का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पयर्टन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस उत्सव में भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा और बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एवं गोवा के राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लै विशेष रूप से भाग ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 12 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले इस साहित्योत्सव के दौरान 100 से अधिक सत्रों में 700 से ज्यादा प्रसिद्ध लेखक और विद्वान भाग ले रहे हैं तथा इसमें देश की 50 से अधिक भाषाओं का भी प्रतिनिधित्व होगा।

राव ने इसे एशिया का सबसे बड़ा साहित्य उत्सव बताते हुए कहा कि इस बार की राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय है – “भारतीय साहित्यिक परंपराएं: विरासत और विकास” है।

उनके अनुसार, साहित्योत्सव के तहत साहित्य अकादमी पुरस्कार 2024 का वितरण किया जाएगा और इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंग्रेज़ी नाटककार महेश दत्तानी होंगे।

सचिव ने बताया कि इस बार 23 भारतीय भाषाओं के रचनाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा और तकनीकी कारणों से बांग्ला भाषा में पुरस्कार नहीं दिया जाएगा। अकादमी हर साल 24 भारतीय भाषाओं के रचनाकारों को उनकी कृति के लिए सम्मानित करती है। अकादमी ने पिछले साल दिसंबर में हिंदी के लिए गगन गिल और अंग्रेजी के लिए ईस्टरिन किरे समेत अन्य भारतीय भाषाओं के रचनाकारों को वर्ष 2024 का प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार देने की घोषणा की थी।

साहित्योत्सव के कार्यक्रम के बारे में बताते हुए राव ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत राकेश चौरसिया द्वारा बांसुरी वादन, फ़ौज़िया दास्तानगो द्वारा दास्तान-ए-महाभारत तथा नलिनी जोशी द्वारा हिंदुस्तानी गायन प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा बहुभाषी कविता-पाठ, युवा साहिती और एलजीबीटीक्यू लेखक सम्मेलन के साथ-साथ भारत की साहित्यिक कृतियों में लुप्त होता ग्रामीण समाज, विभाजन पर केंद्रित भारतीय साहित्य व सिनेमा के लिए फिल्माई गई साहित्यिक कृतियां आदि विषयों पर चर्चा होगी।

भाषा नोमान पवनेश माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments