scorecardresearch
Tuesday, 10 February, 2026
होमदेशशबरिमला ध्वज स्तंभ: टीडीबी के पूर्व सदस्य बोले- सोने के हिसाब में कोई गड़बड़ी नहीं हुई

शबरिमला ध्वज स्तंभ: टीडीबी के पूर्व सदस्य बोले- सोने के हिसाब में कोई गड़बड़ी नहीं हुई

Text Size:

कोच्चि, 10 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता और त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के पूर्व सदस्य अजय थरायिल ने मंगलवार को कहा कि 2017 में शबरिमला मंदिर में नए ध्वज स्तंभ की स्थापना के संबंध में श्रद्धालुओं से प्राप्त सोने के हिसाब में कोई गड़बड़ी नहीं थी।

उन्होंने कहा कि नए ध्वज स्तंभ का काम उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार किया गया था और इस संबंध में सभी खाते अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं।

थरायिल का यह स्पष्टीकरण तब आया है जब केरल उच्च न्यायालय ने सतर्कता विभाग को 2017 में शबरिमला मंदिर में नए ध्वज स्तंभ की स्थापना के संबंध में सोने और धन के कथित दुरुपयोग की जांच करने का आदेश दिया है।

शबरिमला द्वारपाल (संरक्षक देवता) की प्लेटों और श्रीकोविल (गर्भगृह) के द्वार से कथित तौर पर सोने की चोरी के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा की जा रही जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी और न्यायमूर्ति के वी जयकुमार की खंडपीठ ने यह निर्देश जारी किया।

यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए थरायिल ने कहा कि वर्तमान केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी सहित विभिन्न श्रद्धालुओं से अतिरिक्त दान के रूप में 412 ग्राम सोना प्राप्त हुआ, इसके अलावा 22 मार्च, 2017 को सीमा शुल्क विभाग से 9.161 किलोग्राम सोना खरीदा गया था।

पंबा में नए ध्वज स्तंभ का संपूर्ण कार्य अधिवक्ता आयुक्त, तिरुवाभरणम आयुक्त, देवस्वओम सतर्कता अधिकारी आदि की देखरेख में संपन्न किया गया।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में इस्तेमाल किए गए सोने का पूरा हिसाब तिरुवाभरणम आयुक्त द्वारा टीडीबी सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है।

थरायिल ने कहा, ‘महासार में सब कुछ दर्ज है। उन्हें बताना चाहिए कि इस संबंध में अतिरिक्त सोना कहां से प्राप्त हुआ था। ये आंकड़े सटीक थे और टीडीबी द्वारा प्रमाणित किए गए थे। इसे उच्च न्यायालय में भी प्रस्तुत किया गया था।’

उन्होंने एसआईटी की आलोचना करते हुए उस पर जानबूझकर उच्च न्यायालय में गलतफहमी पैदा करने का आरोप लगाया।

हालांकि, थरायिल ने सतर्कता विभाग को आरोपों की त्वरित जांच करने के उच्च न्यायालय के आदेश का स्वागत किया।

थरायिल ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक नेता ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि इस मामले में उनसे पूछताछ की जाएगी। उन्होंने इसे एक राजनीतिक चाल बताते हुए कहा कि वह इसका विरोध करेंगे।

उन्होंने ने एलडीएफ सरकार पर आरोप लगाया कि वह विपक्षी यूडीएफ नेताओं को भी शबरिमला में सोने की चोरी के मामले में शामिल दिखाने की कोशिश कर रही है।

भाषा

नोमान पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments