नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी की पुलिस ने राजधानी में लड़कियों के लापता होने की बढ़ती घटनाओं को लेकर चल रही खबरों को अफवाह बताया है. पुलिस ने साफ कहा है कि इस तरह की बातें पेड प्रमोशन के जरिए फैलाई जा रही हैं और इसका मकसद लोगों में डर फैलाकर पैसे कमाना है.
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कुछ सुरागों की जांच के बाद पता चला है कि लापता लड़कियों को लेकर जो हाइप बनाई जा रही है, वह पेड प्रमोशन के जरिए फैलाई जा रही है. पुलिस ने चेतावनी दी कि पैसे के लिए डर और घबराहट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता संजय त्यागी ने कहा था कि राजधानी में लापता लोगों के मामलों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में तो पिछले साल की तुलना में ऐसे मामलों में कमी दर्ज की गई है. उन्होंने लोगों से अपील की कि खासकर बच्चों को लेकर डरने या घबराने की जरूरत नहीं है.
पुलिस ने बताया कि लापता व्यक्ति की सूचना थाने के अलावा ऑनलाइन या ईआरएसएस 112 के जरिए भी दी जा सकती है. दिल्ली पुलिस की विशेष टीमें और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करती हैं. पुलिस के मुताबिक, बच्चों के अपहरण या लापता होने के मामलों में किसी संगठित गिरोह की भूमिका सामने नहीं आई है.
