देहरादून, 10 मार्च (भाषा) उत्तराखंड राज्य लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को अवर अभियंताओं की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का पिरणाम निरस्त कर दिया। विशेष जांच दल (एसआईटी) की ओर से की जा रही जांच में अभ्यर्थियों द्वारा अनुचित साधनों का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि होने के बाद आयोग ने यह कदम उठाया।
आयोग ने कहा कि अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। आयोग के प्रभारी सचिव अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि एसआईटी जांच में अभ्यर्थियों द्वारा अनुचित साधनों का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि होने के बाद उत्तराखंड संयुक्त राज्य अवर अभियंता सेवा की लिखित परीक्षा और साक्षात्कार का परिणाम निरस्त कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा अब नए सिरे से आयोजित की जाएगी जिसके लिए तारीखों की घोषणा अप्रैल के दूसरे सप्ताह में की जाएगी।
अवर अभियंताओं की नियुक्ति के लिए परीक्षा पिछले साल सात से नौ मई के बीच आयोजित की गयी थी और परिणाम अगस्त में घोषित किया गया था।
भाषा दीप्ति दीप्ति संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
