scorecardresearch
शुक्रवार, 6 जून, 2025
होमदेशउत्तरी सिक्किम में बचाव अभियान फिर शुरू, 44 और लोगों को निकाला गया

उत्तरी सिक्किम में बचाव अभियान फिर शुरू, 44 और लोगों को निकाला गया

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

गंगटोक, छह जून (भाषा) उत्तरी सिक्किम के छातेन में भूस्खलन की वजह से फंसे 44 पर्यटकों को निकाल लिया गया और शुक्रवार के लिए बचाव अभियान रोक दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह बचाव कार्य फिर से शुरू हुआ और हेलीकॉप्टरों की मदद से छातेन में फंसे पर्यटकों को निकाला गया।

यहां एक अधिकारी ने बताया, ‘‘आज हेलीकॉप्टरों द्वारा कई उड़ानों के माध्यम से उत्तरी सिक्किम के छातेन से कुल 44 लोगों को निकाला गया है।’’

उन्होंने बताया कि बचाए गए लोगों में 17 स्थानीय निवासी हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस दौर के सफल समापन के साथ ही, फंसे हुए सभी पर्यटकों को अब छातेन से निकाल लिया गया है। इसके बाद अभियान को आधिकारिक तौर पर आज के लिए समाप्त कर दिया गया है।’’

राज्य सरकार ने पहले कहा था कि छातेन में 64 लोग निकाले जाने का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सुरक्षित रूप से ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे, पाकयोंग लाया गया है, जहां से उन्हें बस द्वारा गंगटोक ले जाया जाएगा।

अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में अब भी फंसे स्थानीय निवासियों को वापस निकालने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आपदा प्रभावित क्षेत्र तथा वहां के लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अधिकारियों ने बताया कि कुल मिलाकर 63 फंसे हुए लोगों को बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टरों की मदद से छातेन से निकाला गया, जिसमें अधिकतर लोग पर्यटक थे। छातेन इस सप्ताह के शुरू में भूस्खलन की चपेट में आ गया था।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक स्थिति के कारण बचाव अभियान रोक दिया गया था।

छातेन में एक जून की शाम एक सैन्य शिविर के भूस्खलन की चपेट में आने के बाद तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी जबकि छह सैनिक लापता हो गए और कई अन्य घायल हो गए थे। लापता सैनिकों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

भाषा यासिर नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments