scorecardresearch
Sunday, 15 February, 2026
होमदेशसंसद में आवारा कुत्ता लाने से संबंधित मामले में रेणुका चौधरी को विशेषाधिकार हनन का नोटिस

संसद में आवारा कुत्ता लाने से संबंधित मामले में रेणुका चौधरी को विशेषाधिकार हनन का नोटिस

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य रेणुका चौधरी को अपनी कार में एक आवारा कुत्ते को संसद परिसर में लाने और सांसदों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा की विशेषाधिकार समिति ने चौधरी के खिलाफ एक शिकायत पर संज्ञान लिया है और 23 फरवरी तक आरोपों का जवाब देने के लिए कहा है।

संसद के पिछले शीतकालीन सत्र के दौरान, एक दिसंबर को चौधरी आवारा कुत्ते को अपनी कार में संसद लेकर आई थीं और जब कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि ‘अंदर बैठे लोग काटते हैं, कुत्ते नहीं।’

सूत्रों ने बताया कि भाजपा सांसद बृजलाल और इंदु बाला गोस्वामी ने चौधरी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया, जिसे राज्यसभा के सभापति ने विशेषाधिकार समिति को भेज दिया।

समिति ने पिछले सप्ताह हुई अपनी बैठक में इस मामले पर गौर किया और चौधरी से लिखित जवाब मांगा।

भाजपा के दोनों सांसदों ने संसद सदस्यों के खिलाफ अपमानजनक और मानहानिकारक बयान देने के आरोप में राज्य परिषद कार्य संचालन और प्रक्रिया नियमों के नियम 188 के तहत चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

नोटिस के संबंध में पूछे जाने पर चौधरी के कार्यालय के सूत्रों ने कहा कि वह संसदीय नियमों, मानकों, परंपराओं व प्रक्रियाओं के तहत जवाब देंगी और संविधान में निहित सभी लोकतांत्रिक सिद्धांतों का पालन करेंगी।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments