तिरुवनंतपुरम, 28 अप्रैल (भाषा) जाने-माने मलयालम फिल्मकार एवं छायाकार शाजी एन करुण का सोमवार को यहां निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। फिल्म उद्योग से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि करुण पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
प्रख्यात फिल्मकार शाजी एन करुण को मलयालम सिनेमा में आजीवन योगदान के लिए राज्य सरकार के सर्वोच्च फिल्म सम्मान ‘जे सी डेनियल पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।
उनकी पहली फिल्म ‘पिरवी’ (1988) को लगभग 70 अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में प्रदर्शित किया गया था। उनकी फिल्म ‘वानप्रस्थम’ (1999) कान फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित हुई थी।
करुण की फिल्मों ने सात राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और सात केरल राज्य फिल्म पुरस्कार जीते। उनकी फिल्म ‘कुट्टी श्रंक’ को वर्ष 2010 में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था।
शाजी एन करुण को भारत सरकार द्वारा ‘पद्मश्री’ और फ्रांस के प्रतिष्ठित ‘ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स’ सम्मान से भी नवाजा गया था।
वह केरल राज्य चलचित्र अकादमी के प्रथम अध्यक्ष रहे और केरल राज्य फिल्म विकास निगम (केएसएफडीसी) के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दीं।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.