scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशरंगासामी ने प्रधानमंत्री मोदी से पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देने का आग्रह किया

रंगासामी ने प्रधानमंत्री मोदी से पुडुचेरी को राज्य का दर्जा देने का आग्रह किया

Text Size:

पुडुचेरी, एक मार्च (भाषा) पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने रविवार को यहां एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से ‘‘पुडुचेरी की पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग स्वीकार करने’’ की अपील की।

प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी में शनिवार को कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की और अनेक पहलों की आधारशिला रखी।

इस दौरान रंगासामी ने अपने संबोधन में पुडुचेरी को पूर्ण सहयोग देने के लिए केंद्र और प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया तथा साथ ही ‘‘पुडुचेरी को प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित सर्वश्रेष्ठ केंद्र शासित प्रदेश बनाने’’ के लिए कई योजनाओं तैयार करने के लिए भी आभार जताया।

केंद्रशासित प्रदेश में ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस-भाजपा सरकार का नेतृत्व कर रहे रंगासामी ने कहा कि उन्हें अब भी ‘‘एक छोटी सी पीड़ा और चिंता’’ है, जो राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर है, जो लंबे समय से लंबित है।

पुडुचेरी कई वर्षों से लगातार राज्य का दर्जा दिए जाने की गुहार लगा रहा है और विधानसभा प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र सरकार पर दबाव बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विधानसभा में 13 बार प्रस्ताव पारित किए गए और इन्हें केंद्र सरकार को भेजा गया ताकि पुडुचेरी को राज्य का दर्जा दिया जा सके।’

रंगासामी ने कहा कि पुडुचेरी के लोगों की आकांक्षा राज्य का दर्जा प्राप्त करना है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री हमारी मांग मानेंगे’’। उन्होंने आग्रह किया कि निर्वाचित सरकार के पास योजनाओं को शीघ्रता से लागू करने की शक्ति होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री पुडुचेरी के विकास को लेकर चिंतित हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार अपना कार्यकाल पूरा कर रही है और हमारे शासनकाल में बुनियादी ढांचे में सुधार जैसे कई विकास परियोजनाएं सुनिश्चित हुईं। केंद्र के सहयोग से हम विकास के लिए अधिक धनराशि उपलब्ध कराने में सक्षम रहे।’’

रंगासामी ने कहा कि किसानों और अनुसूचित जातियों के लाभ के लिए परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और इसी तरह शिक्षा, सामाजिक कल्याण और महिला संरक्षण संबंधी योजनाएं लागू की गईं।

उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोगों के कल्याण का ध्यान रखा जा रहा है और उनकी सरकार के लिए ‘‘सामाजिक सुरक्षा एवं महिला संरक्षण प्राथमिकता’’ है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्य कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए पुडुचेरी मॉडल का अनुकरण कर रहे हैं।

भाषा अमित नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments