छत्रपति संभाजीनगर, 23 सितंबर (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) नेता इम्तियाज जलील हिंदू संत रामगिरि महाराज और भाजपा विधायक नितेश राणे की कथित तौर पर मुसलमानों को निशाना बनाने वाली टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाने के लिए सोमवार को यहां से मुंबई के लिए रवाना हुए।
ग्यारह सितंबर को पूर्व सांसद जलील ने कहा था कि वह 23 सितंबर को मुंबई जाएंगे और महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति के नेताओं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को संविधान की प्रतियां भेंट करेंगे तथा रामगिरि महाराज व राणे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता राणे ने एक सितंबर को अहमदनगर जिले के श्रीरामपुर और तोपखाना इलाकों में रामगिरि महाराज के समर्थन में दो जनसभाओं को संबोधित किया था, जो पिछले महीने इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए चर्चा में थे।
महाराष्ट्र में राणे के खिलाफ मुसलमानों को निशाना बनाने वाले उनके भाषणों को लेकर कई मामले दर्ज किए गए हैं। जलील ने सोमवार को यहां से समृद्धि एक्सप्रेसवे के रास्ते मुंबई तक ‘तिरंगा संविधान’ रैली की शुरुआत की।
जलील ने रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा कि अपने देश और महाराष्ट्र की संस्कृति से प्यार करने वाले लोग मुंबई जाने के इस आंदोलन में उनकी मदद करने के लिए आगे आए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य ने फुले, शाहू महाराज, आंबेडकर और शिवाजी महाराज की संस्कृति को भुला दिया है, इसलिए हम सरकार को यह याद दिलाने के लिए मुंबई जा रहे हैं।’’
जलील ने कहा कि उन्होंने पहले गंगापुर और वैजापुर (छत्रपति संभाजीनगर में) के रास्ते मुंबई जाने का फैसला किया था। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन सरकार राज्य में पुलिस का इस्तेमाल करके गंदी राजनीति पर उतर आई है। गंगापुर में एक हिंदुत्व समर्थक संगठन को मार्च के लिए बुलाया गया है। वहां बुलाए गए लोग सिर्फ मंच पर खड़े होते हैं और एक खास समुदाय को निशाना बनाते हैं। इसलिए किसी भी संघर्ष से बचने के लिए हम अपनी ‘तिरंगा संविधान’ रैली को समृद्धि एक्सप्रेसवे के रास्ते ले जा रहे हैं।’’
नांदेड़ से बड़ी संख्या में लोग जलील की रैली में शामिल हुए। एआईएमआईएम नेता ने एक वीडियो संदेश के जरिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से समृद्धि एक्सप्रेसवे के विभिन्न हिस्सों पर उनकी रैली में शामिल होने की अपील की है।
भाषा अमित वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.