scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशराज्यसभा चुनाव : भाजपा ने छत्तीसगढ़ में लक्ष्मी वर्मा को बनाया अपना उम्मीदवार

राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने छत्तीसगढ़ में लक्ष्मी वर्मा को बनाया अपना उम्मीदवार

Text Size:

रायपुर, तीन मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़ में इस महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी की वरिष्ठ नेता लक्ष्मी वर्मा को मंगलवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया।

राज्य के पांच राज्यसभा सदस्यों में से कांग्रेस के कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल नौ अप्रैल, 2026 को खत्म होने वाला है।

राज्य से अन्य राज्यसभा सदस्य कांग्रेस के रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला तथा भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह हैं।

लक्ष्मी वर्मा (59) राज्य के प्रभावशाली माने जाने वाले कुर्मी समाज ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) से आती हैं। वह वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं। मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निवासी लक्ष्मी वर्मा अब रायपुर में रहती हैं।

वर्मा ने 1990 में भाजपा की प्राथमिक सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वह 1994 में रायपुर नगर निगम में वार्ड पार्षद चुनी गईं। बाद में उन्होंने 2010 से 2015 तक रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष के तौर पर काम किया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता, लक्ष्मी वर्मा को एक अनुभवी जमीनी नेता बताते हैं जिन्हें ग्रामीण राजनीति की गहरी समझ है। वह भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रवक्ता रह चुकी हैं।

पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि महिला मोर्चा से लेकर पार्टी पदाधिकारी के पद तक वर्मा लगातार सक्रिय रही हैं तथा उन्होंने जिला, मंडल और बूथ स्तर पर काम किया है।

राज्य के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

राज्यसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सभी 90 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। वर्तमान विधानसभा में भाजपा के 54 और कांग्रेस के 35 विधायक हैं। वहीं, एक गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का सदस्य है।

विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर भाजपा और कांग्रेस का एक-एक सदस्य राज्यसभा जा सकता है।

विधानसभा के अधिकारियों ने बताया कि राज्यसभा चुनाव के लिए पांच मार्च तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकते हैं। छह मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा नौ मार्च तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा तथा उसी दिन शाम पांच बजे मतगणना शुरू होगी। राज्यसभा चुनाव के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 20 मार्च तक पूरी हो जाएगी। मतदान मत पत्रों से होगा।

भाषा

संजीव रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments