scorecardresearch
Saturday, 5 April, 2025
होमदेशराजनाथ करवार नौसैनिक अड्डे से आईओएस सागर को हरी झंडी दिखाएंगे, परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

राजनाथ करवार नौसैनिक अड्डे से आईओएस सागर को हरी झंडी दिखाएंगे, परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

Text Size:

करवार (कर्नाटक), पांच अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर्नाटक में रणनीतिक रूप से अहम करवार नौसैनिक अड्डे से शनिवार को हिंद महासागर पोत ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) को हरी झंडी दिखाएंगे। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर में नौसैनिक अड्डे का दौरा करते समय वह कुछ नवविकसित बुनियादी ढांचे का भी उद्घाटन करेंगे। नौसेना अहम नौसैनिक अड्डे का परियोजना ‘सीबर्ड’ के तहत विस्तार कर रही है।

रक्षा मंत्री कार्यालय ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हिंद महासागर पोत ‘सागर’ के रूप में आईएनएस सुनयना को हरी झंडी दिखाएंगे जिस पर 44 कर्मी सवार हैं।’’

इसने इस पोस्ट में एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें इस मिशन के तहत जमीन और समुद्र दोनों पर आयोजित प्रशिक्षण चरणों को दर्शाया गया है।

रक्षा मंत्री कार्यालय ने लिखा, ‘‘आईओएस सागर हिंद महासागर क्षेत्र के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, अपने समुद्री पड़ोसियों के साथ मजबूत संबंध बनाने और हिंद महासागर क्षेत्र में अधिक सुरक्षित और अधिक समावेशी समुद्री वातावरण की दिशा में काम करने की भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगा।’’

हिंद महासागर पोत (आईओएस) ‘सागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) आईओआर देशों के साथ निरंतर सहयोग की दिशा में एक पहल है।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments