scorecardresearch
Saturday, 27 April, 2024
होमदेशराजनाथ सिंह ने रक्षा निर्यात में प्रगति, आत्म-निर्भरता पर सरकार के विशेष ध्यान को रेखांकित किया

राजनाथ सिंह ने रक्षा निर्यात में प्रगति, आत्म-निर्भरता पर सरकार के विशेष ध्यान को रेखांकित किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘आत्म-निर्भरता’ पर सरकार के विशेष ध्यान और ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में हाल के वर्षों में रक्षा निर्यात में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर जोर दिया है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार सिंह ने सोमवार को अबुजा में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित एक समारोह में नाइजीरिया के भारतवंशी समुदाय के सदस्यों से बातचीत में यह बात कही।

इस कार्यक्रम में न केवल अबुजा से, बल्कि नाइजीरिया के लागोस जैसे अन्य शहरों से भी प्रवासी भारतीयों ने भाग लिया।

सिंह ने तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही प्रगतिशील योजनाओं के कारण वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका पर भी बात की।

रक्षा मंत्री ने नाइजीरिया में भारतीय समुदाय के सकारात्मक योगदान की सराहना की और विश्वास व्यक्त किया कि वे भारतीय ध्वज को इसी प्रकार लहराते रहेंगे।

उन्होंने ‘आत्म-निर्भरता’ पर सरकार के विशेष ध्यान और ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में हाल के वर्षों में रक्षा निर्यात में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर बल दिया।

उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में किसी भी खतरे या चुनौती का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए सशस्त्र बलों की क्षमताओं की सराहना की।

बाद में, रक्षा मंत्री ने भारतीय उच्चायुक्त द्वारा आयोजित रात्रिभोज में मुख्य न्यायाधीश और कार्यवाहक रक्षा मंत्री सहित नाइजीरिया के गणमान्य व्यक्तियों के साथ बातचीत की।

सिंह नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला तिनुबू के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए अबुजा में थे।

नाइजीरिया में 50,000 से अधिक भारतीय मूल के लोग रहते हैं। नाइजीरिया में सर्वाधिक रोजगार देने वाली कंपनियों में भारतीय स्वामित्व वाली या भारतीयों द्वारा संचालित कंपनियां शामिल हैं।

भाषा वैभव माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments