scorecardresearch
Friday, 19 September, 2025
होमदेशराजनाथ सिंह ने छावनी बोर्ड्स के आधुनिकीकरण पर दिया जोर

राजनाथ सिंह ने छावनी बोर्ड्स के आधुनिकीकरण पर दिया जोर

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूरे देश में छावनी बोर्ड को स्मार्ट, हरित और टिकाऊ शहरी पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया है।

सिंह बृहस्पतिवार को रक्षा संपदा महानिदेशालय (डीजीडीई) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘मंथन 2025’ को संबोधित कर रहे थे।

रक्षा मंत्री ने भारतीय रक्षा संपदा सेवा (आईडीईएस) से छावनी बोर्ड के आधुनिकीकरण के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।

सिंह ने 18 लाख एकड़ से अधिक रक्षा भूमि के प्रबंधन और पूरे भारत में 61 छावनियों में रहने वाले नागरिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने की दोहरी जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने के लिए आईडीईएस अधिकारियों की सराहना की।

उन्होंने प्रणालियों और प्रक्रियाओं को निरंतर उन्नत करके छावनियों को आधुनिक शहरों की तरह विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘डिजिटल सेवाओं को बढ़ाना होगा ताकि लोग घर बैठे पारदर्शी तरीके से और समय पर सेवाएं प्राप्त कर सकें।’’

रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘हमें नागरिकों की भागीदारी बढ़ानी होगी ताकि छावनी के भविष्य के नियोजन में निवासी भागीदार बन सकें। हमें छावनी बोर्ड को आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह संस्थाओं में बदलना होगा जो समय की मांगों के अनुरूप सेवाएं प्रदान कर सकें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक ज़िम्मेदारी है कि छावनी में रहने वाले लोगों को सर्वोत्तम नागरिक सुविधाएं और त्वरित शिकायत निवारण तंत्र मिले।’’

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments