scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमदेशराजस्थान की भाजपा सरकार जनता की ट्रस्टी है, मालिक नहीं: नेता प्रतिपक्ष जूली

राजस्थान की भाजपा सरकार जनता की ट्रस्टी है, मालिक नहीं: नेता प्रतिपक्ष जूली

Text Size:

जयपुर, पांच फरवरी (भाषा) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर ‘जानकारी’ नहीं देने का आरोप लगाया।

उन्होंने उसे आगाह करते हुए कहा कि भाजपा सरकार राजस्थान की जनता की ट्रस्टी है… मालिक नहीं और उसे जानकारी देनी पड़ेगी।

विधानसभा में बृहस्पतिवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा में भाग लेते हुए जूली ने यह बात कही।

उन्होंने ‘राइजिंग राजस्थान’ में 35 लाख करोड़ रुपए के करार (एमओयू) होने के सरकार के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा,‘‘यह राइजिंग राजस्थान का चक्कर क्या है… आप हमें बताते क्यों नहीं? आपने कहा कि राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हुए। अगर एमओयू हुए तो बताइए, तो सही।’’

जूली ने कहा,‘‘पिछली बार जब ईआरसीपी (पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना) पर पूछा गया तो मुख्यमंत्री जी कह रहे थे कि आप कौन पूछने वाले हैं? क्यों बताएं हम हैं? वही बात राइजिंग राजस्थान पर अब संसदीय कार्यमंत्री बोल रहे हैं… आप मालिक नहीं, ट्रस्टी हैं। आप राजस्थान की जनता के ट्रस्टी हैं। आपको बताना पड़ेगा।’’

जूली ने कहा, ‘‘सरकार यह सब क्यों छिपा रही है? हम यह जानना चाहते हैं।’’

जूली ने कहा कि सरकार द्वारा पिछले दो बजट में की गई 2,717 घोषणाओं में से सिर्फ़ 754 यानी 27 प्रतिशत ही जमीन पर उतरी हैं।

कृषि को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा कि क्या राजस्थान में किसी एक भी किसान को बाजरे का भुगतान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मिला है।

उन्होंने बीकानेर और जोधपुर संभाग में मूंग और मूंगफली की खरीद में कुप्रबंधन का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 60,000 मेधावी छात्राओं को स्कूटर बांटने का ‘टेंडर’ रद्द कर दिया गया।

उन्होंने स्कूल वर्दी योजना में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया दावा किया कि छात्रों को वादा किए गए 1,200 रुपये के बजाय 600 रुपये दिए गए और सामान्य वर्ग के गरीब बच्चों को इस योजना से बाहर रखा गया।

बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सरकार एक भी नई भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई है।

जूली ने डॉलर की तुलना में भारतीय रुपए के कमजोर होने को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहले के बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार अब रुपये के मूल्य में गिरावट को लेकर चिंतित नहीं दिखती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल का ध्यान सिर्फ ‘ब्रांडिंग’ पर है।

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments