कोटा, 13 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की तैयारी कर रही अठारह वर्षीय एक छात्रा ने बृहस्पतिवार देर रात जहरीला पदार्थ खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
छात्रा की पहचान मध्यप्रदेश के छतरपुर जिला निवासी जूही पटेल (18) के रूप में हुई है, जो यहां दादाबाड़ी क्षेत्र में रहती थी।
दादाबाड़ी थाना प्रभारी बलदेवराम ने बताया कि लड़की करीब ढाई महीने पहले कोटा आई थी और शहर के बसंत विहार इलाके में किराए के कमरे में रहकर नीट-यूजी की तैयार कर रही थी तथा ‘ऑफलाइन मॉक टेस्ट’ दे रही थी।
उन्होंने बताया कि लड़की ने बृहस्पतिवार रात करीब 11.30 बजे अपने कमरे में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे उल्टी होने लगी।
अधिकारी ने कहा कि अन्य किरायेदारों और मकान मालिक ने उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिवार के सदस्यों को सौंप दिया और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
छात्रा के पिता ने कहा कि उन्होंने आखिरी बार अपनी बेटी से बृहस्पतिवार रात आठ बजे बात की थी और सामान्य बातचीत हुई थी।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
