जयपुर, एक मार्च (भाषा) राजस्थान के बाड़मेर जिले में पुलिस लाइन परिसर में एक पुलिस कांस्टेबल ने कथित तौर पर पानी की टंकी में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि कांस्टेबल के शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है कि वह मानसिक रूप से परेशान था।
उन्होंने बताया कि विजय कुमार (24) बाड़मेर पुलिस लाइन में कांस्टेबल के प्रथम चरण का प्रशिक्षण ले रहा था। रविवार को वह रोल कॉल में उपस्थित नहीं हुआ। रोल कॉल का अर्थ है उपस्थिति या हाजिरी दर्ज करने के लिए नामों की सूची को क्रमानुसार पुकारना।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सहकर्मियों ने परिसर में उसे ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। बाद में उसके कमरे की तलाशी लेने पर सुसाइड नोट मिला। इसके बाद टीम पानी की टंकी तक पहुंची, जहां उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
भाषा
बाकोलिया
रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
