जयपुर, 24 फरवरी (भाषा) राजस्थान सरकार ने दो अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) समेत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 21 अधिकारियों के तबादले किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
तबादला सूची में जोधपुर के पुलिस आयुक्त भी शामिल हैं। इसके अलावा जयपुर, जोधपुर और बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) भी बदले गए हैं।
कार्मिक विभाग ने सोमवार देर रात इस बारे में आदेश जारी किया। कई आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति के बाद नया पदभार दिया गया है।
आदेश के अनुसार एडीजी (अपराध) हवा सिंह का तबादला एडीजी (पुलिस मुख्यालय) के पद पर किया गया है। बिपिन कुमार पांडेय को एडीजी (अपराध) नियुक्त किया गया है। पांडेय भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के एडीजी पद पर थे।
इसी तरह विशेष अभियान समूह (एसओजी) के महानिरीक्षक शरत कविराज को जोधपुर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। जोधपुर के पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश को विशेष आयुक्त (परिचालन) पद पर लगाया गया है।
विशेष आयुक्त (परिचालन) पद पर कार्यरत राहुल प्रकाश को जयपुर रेंज का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। महानिरीक्षक (खुफिया) पद पर कार्यरत प्रफुल्ल कुमार को पदोन्नत कर एडीजी (खुफिया) बनाया गया है।
जयपुर रेंज के महानिरीक्षक राघवेंद्र सुहासा को पदोन्नति देकर एडीजी (प्रशिक्षण) बनाया गया है।
जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक राजेश मीणा को महानिरीक्षक (होमगार्ड) बनाया गया है। आईपीएस एस. परिमला को पुलिस मुख्यालय में महानिरीक्षक (कार्मिक) पद से हटाकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में महानिरीक्षक पद पर लगाया गया है।
महानिरीक्षक विकास कुमार के पास आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और स्वापक रोधी कार्यबल (एएनटीएफ) दोनों का कार्यभार था। वह अब सिर्फ एएनटीएफ की अगुवाई करेंगे। एसीबी में उपमहानिरीक्षक राजेश सिंह को महानिरीक्षक (एटीएस) नियुक्त किया गया है।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
