जयपुर, सात फरवरी (भाषा) राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में एक किसान ने उस पर हमला करने वाले तेंदुए को कुल्हाड़ी के वार से मार दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में हुई।
इसके अनुसार नारायणपुर थाने के खरकड़ी गांव में किसान अपने खेत में काम कर रहा था। घायल किसान को अलवर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव वालों के अनुसार किसान श्रवण गुर्जर (48) अपनी बकरियों के लिए चारा लेने खेत में गया था। जब वह पेड़ की टहनियां काट रहा था तो पास की झाड़ियों में छिपे तेंदुए के शावक ने उस पर हमला कर दिया।
तेंदुए के पंजे और दांतों से किसान को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि संघर्ष के दौरान किसान ने खुद को बचाने की कोशिश में कुल्हाड़ी से तेंदुए के सिर पर वार किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग के अधिकारी मनोज नागा ने बताया कि तेंदुए के शव को विभाग के कार्यालय लाया गया है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की जांच की जा रही है।
भाषा
पृथ्वी
रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
