scorecardresearch
Wednesday, 18 September, 2024
होमदेशराजस्थान : कांग्रेस विधायक जुबेर खान का निधन

राजस्थान : कांग्रेस विधायक जुबेर खान का निधन

Text Size:

जयपुर, 14 सितंबर (भाषा) राजस्थान के अलवर की रामगढ़ सीट से कांग्रेस विधायक जुबेर खान का शनिवार सुबह निधन हो गया। चौथी बार के विधायक 62 वर्षीय खान कुछ समय से बीमार थे।

खान की पत्नी साफिया जुबेर ने बताया कि उनके शौहर कुछ समय से बीमार थे। खान ने आज सुबह 5.50 बजे अंतिम सांस ली। शाम को अलवर के रामगढ़ में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

एक बयान के अनुसार वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से जुबेर खान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र व श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। संजय शर्मा रामगढ़ पहुंचकर जुबेर खान के जनाजे में शरीक हुए। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देकर ढांढस बंधाया।

वहीं राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित तमाम नेताओं ने जुबेर खान के निधन पर शोक व्यक्त किया।

गहलोत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘जुबेर खान अपने क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थे एवं आखिरी समय तक जनसेवा में लगे रहे। उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है।’’

जुबेर सबसे पहले 1990 में विधायक चुने गए थे। इसके बाद दसवीं, बारहवीं व अब सोलहवीं विधानसभा के सदस्य थे। वह विधानसभा की प्राक्कलन सहित अनेक समितियों के सदस्य भी रह चुके हैं। अध्ययन के दौरान जुबेर जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय (नयी दिल्‍ली) छात्रसंघ के अध्यक्ष भी थे। उनकी पत्नी साफिया पूर्व विधायक हैं।

जुबेर खान के निधन से राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या घटकर 65 रह गई है। राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीट हैं जिनमें से अब सात सीट खाली हैं। पांच विधायक लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए थे और भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक का कुछ समय पहले निधन हो गया था।

भाषा

पृथ्वी, रवि कांत

रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments