जयपुर, 24 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सोमवार को जयपुर में होने वाली जनसभा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बृहस्पतिवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा देशभर में चलाये जा रहे संविधान बचाओ अभियान के तहत जयपुर में आयोजित होने वाली संविधान बचाओ रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक मे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ,राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रदेश से नियुक्त पदाधिकारी शामिल रहे।
यह रैली केंद्र सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग को उजागर करने और भारतीय संविधान में निहित मूल्यों को फिर से स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
बैठक की शुरुआत पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई और नेताओं ने उनकी याद में दो मिनट का मौन रखा।
बैठक को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा ने कहा कि केन्द्र सरकार देश में विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिये संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके लोकतंत्र एवं संविधान की भावनाओं पर प्रहार कर रही है।
उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कोई वित्तीय गड़बड़ी नहीं पाए जाने के बावजूद सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से आरोप पत्र दाखिल किए गए।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पार्टी को एक बार पुन: आजादी की लड़ाई लड़नी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस के महान नेताओं ने देश को अंग्रेजों से आजाद कराकर लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम की थी, उसकी प्रकार अब लोकतंत्र विरोधी लोगों से संघर्ष कर देश में संविधान एवं जनतंत्र की रक्षा करनी होगी।
उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजनों को एकजुट होकर इस अभियान को सफल बनाने के लिए जुटना होगा क्योंकि यदि कांग्रेस रहेगी तो हम रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दशकों से कांग्रेस के नेतृत्व वाले आंदोलनों में राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रीय विरोध के दौरान राज्य की उपस्थिति हमेशा महत्वपूर्ण रही है।
विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने कहा कि देश भर में भाजपा सरकारें विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए संवैधानिक अधिकारों और कानूनों का उल्लंघन कर रही हैं।
भाषा कुंज जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.