(तस्वीर के साथ)
जयपुर, 14 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शनिवार को यहां श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिये जाने के साथ राज्यव्यापी स्वच्छता संकल्प एवं जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम के सफाईकर्मियों को ‘पीपीई किट’ बांटी तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे।
शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा रामनिवास बाग में पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 मार्च 1949 को भारतीय नववर्ष की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को वृहद् राजस्थान की स्थापना की गई थी, इसलिए उनकी सरकार ने पिछले वर्ष राजस्थान दिवस को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर मनाने का निर्णय किया था।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष 19 मार्च को यह गौरवशाली दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत स्वच्छता कार्यक्रम से हुई है।
शर्मा ने कहा, ‘‘हमारा संकल्प है कि राजस्थान न केवल आर्थिक रूप से समृद्ध हो, बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य के मामले में भी देश का अग्रणी राज्य बने।’’
बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘स्वच्छ भारत अभियान’ प्रारंभ कर स्वच्छता को पूरे देश में जन-आंदोलन का रूप दिया है, यह मिशन केवल सड़कों और नालियों की सफाई तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इससे लोगों की व्यवहार में भी बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 और विकसित राजस्थान 2047 का सपना तभी साकार होगा, जब हर घर, गली, पार्क और स्मारक स्वच्छ होगा।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
