जयपुर, सात फरवरी (भाषा) राजस्थान के ब्यावर जिले में तेल चोरी का बड़ा मामला सामने आया है जहां चोरों ने कथित तौर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) की पाइपलाइन में सेंधमारी कर तेल चुराया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
ब्यावर के पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि यह घटना सेंदड़ा थाना इलाके में लालपुरा घाटे के पास तब पता चली जब कंपनी की ‘तकनीकी निगरानी प्रणाली’ ने कुछ गड़बड़ी पकड़ी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि पाइपलाइन में अनाधिकृत वाल्व लगाया गया था और लंबे समय तक तेल चोरी करने के लिए लगभग 120 मीटर की समानांतर लाइन बिछाई गई थी।
अधिकारियों के अनुसार तेल चोरी का तरीका काफी सुनियोजित लग रहा है जिससे इसमें किसी संगठित गिरोह के शामिल होने का संदेह है। पता चलने पर कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन के उस हिस्से को ‘क्लैंप’ लगाकर ठीक किया गया। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
सेंदड़ा थाने की पुलिस ने मौका मुआयना किया है और इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों की पहचान करने और गिरोह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच के अनुसार काफी समय से तेल चोरी की जा रही थी।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
