सीकर, आठ मार्च (भाषा) राजस्थान में सीकर जिले के अजीतगढ़ थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव मंगलवार रात को उसके घर में जला हुआ पाया गया है।
थानाधिकारी सुनील कुमार ने बुधवार को बताया कि दुर्गादेवी (70) अपने घर के एक कमरे में अलग रहती थीं और बीती रात उनके कमरे से धुंआ निकलता दिखाई देने पर पुलिस का सूचित किया गया।
उन्होंने बताया कि मृतका की बेटी किरण ने इस मामले में अपने भाई मामराज, भाभी आची, किरायेदार रमेश मीणा व अन्य के खिलाफ उसकी मां की हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मृतका किरायेदार रमेश मीणा को मकान में नहीं रखना चाहती थी जबकि बेटा उसी को मकान किराये पर जारी रखना चाहता था, इसी बात को लेकर मां-बेटे में विवाद चल रहा था।
उन्होंने बताया कि मृतका की बेटी किरण देवी कुमावत ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी मां के साथ रमेश मीणा व उसकी पत्नी ने चार मार्च को मारपीट की थी और थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं कुंज शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
