scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशराजस्थान : पैगंबर के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भाजपा पार्षद ने पार्टी से इस्तीफा दिया

राजस्थान : पैगंबर के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भाजपा पार्षद ने पार्टी से इस्तीफा दिया

Text Size:

कोटा (राजस्थान), 13 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में यहां भाजपा की एक नगर पार्षद ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

कोटा नगर निगम, दक्षिण के वार्ड संख्या 14 से भाजपा पार्षद तबस्सुम मिर्जा ने सोमवार को पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख सतीश पूनिया और कोटा जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी को अपना इस्तीफा भेजा।

करीब 10 साल पहले भाजपा में शामिल हुईं मिर्जा ने सोनी को लिखे अपने पत्र में कहा कि वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हैं, क्योंकि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी के साथ काम करना जारी रखना संभव नहीं है।

राजस्थान भाजपा के प्रमुख सतीश पूनिया को लिखे एक अलग पत्र में मिर्जा ने पार्टी का सदस्य होने पर खेद जताया और कहा कि भाजपा अपने उन कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने में नाकाम रही है, जो उनके ‘‘नबी’’ की आलोचना करते हैं।

मिर्जा ने कहा, ‘‘अगर मैं भाजपा की सदस्य बनी रही और इतना कुछ (पैगंबर के खिलाफ) होने के बावजूद पार्टी का समर्थन करती रही तो मुझसे बड़ा अपराधी कोई नहीं होगा। अब मेरी चेतना जाग गई है और मैं पार्टी में काम करना जारी नहीं रख सकती।’’

संपर्क करने पर मिर्जा ने कहा कि उन्होंने अपना त्याग पत्र पूनिया और सोनी को ईमेल और डाक के जरिये भेजा है। इस बीच, सोनी ने ईमेल या डाक से कोई त्याग पत्र मिलने से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे किसी पार्टी पार्षद से कोई इस्तीफा नहीं मिला है।’’

भाषा सुरभि पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments