जयपुर, 27 जनवरी (भाषा) राजस्थान के जयपुर में रविवार को अस्थमा रोगियों का एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे लोगों और सरकार से स्वच्छ हवा की अपील करेंगे। एक चिकित्सा विशेषज्ञ ने यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. वीरेंद्र सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि वायु प्रदूषण अस्थमा के प्रमुख कारणों में से एक है।
उन्होंने कहा कि भारत में अस्थमा से होने वाली मौतों की सूची में राजस्थान पहले नंबर पर है। इस स्थिति की गंभीरता के कारण हमने अपने अस्थमा रोगियों के साथ एक कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके तहत हम स्वच्छ हवा के लिए अपील करेंगे, जो हर किसी का जन्मसिद्ध अधिकार है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक हजार से अधिक मरीज भाग लेंगे।
वरिष्ठ पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. शीतू सिंह ने कहा कि अस्थमा के लिए शुरुआती कारक किसी भी रूप में हो सकते हैं। अस्थमा से जुड़े आम मिथकों को तोड़ने के लिए अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
