scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशराजस्थान: राष्ट्रपति पद के चुनाव में 198 विधायकों ने मतदान किया

राजस्थान: राष्ट्रपति पद के चुनाव में 198 विधायकों ने मतदान किया

Text Size:

जयपुर, 18 जुलाई (भाषा) राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए राजस्थान विधानसभा में मतदान सोमवार को हुआ जहां कुल 200 में से 198 विधायकों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

एक अधिकारी ने बताया कि विधानसभा परिसर स्थित मतदान कक्ष मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ। शाम पांच बजे तक के निर्धारित समय में 198 विधायकों ने वोट डाला। विधानसभा में कुल 200 विधायक हैं।

अधिकारी ने बताया कि मतदान नहीं करने वाले दो विधायकों में कांग्रेस के भंवरलाल शर्मा व भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के राजकुमार रोत हैं।

शर्मा बीमार हैं, पर रोत निजी कारण से मतदान करने नहीं आ सके। इससे पहले सुबह मतदान शुरू होने पर विधायकों में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। मतदान के लिए विधायक कतार में खड़े नजर आए।

शुरुआती मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी शामिल थे। मतदान करवाने के लिए मतदान कक्ष में चार पोलिंग ऑफिसर, दो सहायक रिटर्निंग अधिकारी, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक सहित मुख्य निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति चुनाव में दो उम्मीदवार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष समर्थित यशवंत सिन्हा हैं।

राजस्थान की 200 सीट वाली विधानसभा में कांग्रेस के 108, भारतीय जनता पार्टी के 71 व निर्दलीय 13 विधायक हैं। राज्य से लोकसभा के 25 व राज्यसभा के 10 सदस्य हैं।

भाषा पृथ्वी कुंज

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments