रांची, 21 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 31 मार्च को झारखंड दौरे पर आएंगे, जहां वह पार्टी के नवनिर्वाचित जिला प्रमुख के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
झारखंड और ओडिशा के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 22 मार्च से पश्चिम सिंहभूम जिले में आयोजित किया जा रहा है।
कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 31 मार्च को प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल होंगे।”
उन्होंने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं को बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य नव नियुक्त जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराना है।
कमलेश ने कहा, “ इस प्रशिक्षण शिविर में ओडिशा के 35 और झारखंड के 25 जिला अध्यक्ष भाग लेंगे। कांग्रेस के ओडिशा प्रभारी अजय कुमार लल्लू, प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास और झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।”
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष दो दिवसीय क्षेत्र भ्रमण भी करेंगे, जिसमें वे पूरे क्षेत्र का दौरा करेंगे और जनता के साथ संवाद करेंगे।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
