चंडीगढ़, 22 फरवरी (भाषा) पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को बताया गया है कि उनके पास अब केवल एनआरआई मामलों का विभाग बचा है, क्योंकि पिछले करीब 21 महीनों से उनके पास जो प्रशासनिक सुधार विभाग था, वह अब अस्तित्व में नहीं है। एक आधिकारिक अधिसूचना में यह कहा गया।
सूत्रों ने बताया कि प्रशासनिक सुधार विभाग के लिए मंत्री को कोई कर्मचारी नहीं दिया गया और इससे संबंधित कोई बैठक भी नहीं हुई।
विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कहा कि इससे राज्य में भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की गंभीरता का पता चलता है।
शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया, ‘‘मंत्रियों के बीच विभागों के आवंटन के संबंध में पंजाब सरकार की अधिसूचना संख्या 21/1/2022-2 कैबिनेट/2230 दिनांक 23.09.24 में आंशिक संशोधन करते हुए, प्रशासनिक सुधार विभाग जो पहले कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को आवंटित किया गया था, अब अस्तित्व में नहीं है।’’
इसलिए, मुख्यमंत्री की सलाह पर राज्यपाल दो फरवरी, 2025 से संशोधन को प्रभावी बना रहे हैं।
मई 2023 में कैबिनेट फेरबदल के दौरान धालीवाल को प्रशासनिक विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी, जब उन्हें कृषि और किसान कल्याण विभाग से मुक्त कर दिया गया था, लेकिन एनआरआई (प्रवासी भारतीय) मामलों के विभाग को बरकरार रखा गया था। कृषि और किसान कल्याण का विभाग गुरमीत सिंह खुडि्डयां को दिया गया था।
इस बीच, विपक्षी दलों ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि आप सरकार शासन को लेकर कितनी गंभीर है।
भाजपा की पंजाब इकाई के महासचिव सुभाष शर्मा ने कहा, ‘‘यह सरकार के मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है कि एक ऐसा विभाग आवंटित किया गया, जो अस्तित्व में ही नहीं है। न तो इसे आवंटित करने वालों को और न ही जिन्हें विभाग आवंटित किया गया था, उन्हें इस तथ्य की जानकारी थी कि यह विभाग अस्तित्व में ही नहीं है।’’
शिरोमणि अकाली दल की नेता और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी आप नीत सरकार पर कटाक्ष किया। बादल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप के शासन का नमूना देखिए। मंत्रियों को ऐसे विभाग आवंटित किए गए हैं जो अस्तित्व में ही नहीं हैं और उन्हें खुद भी नहीं पता कि उनके पास कौन से विभाग हैं। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि मंत्रियों की शासन में कोई भूमिका नहीं है और सरकार दिल्ली से ‘रिमोट कंट्रोल’ से चल रही है।’’
कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी एक पोस्ट में सरकार पर कटाक्ष किया। इस मामले पर एक अख़बार की कतरन साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘‘क्या बदलाव है।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.