scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशपंजाब के सरकारी अधिकारी की आत्महत्या का मामला: विपक्षी दल मुख्यमंत्री निवास का करेंगे घेराव

पंजाब के सरकारी अधिकारी की आत्महत्या का मामला: विपक्षी दल मुख्यमंत्री निवास का करेंगे घेराव

Text Size:

चंडीगढ़, 21 मार्च (भाषा) पंजाब में विपक्षी दलों ने शनिवार रात को घोषणा की कि वे अमृतसर में राज्य भंडारण निगम के एक अधिकारी की आत्महत्या के मामले में पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का संयुक्त रूप से घेराव करेंगे।

इससे पूर्व, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई नेताओं ने शनिवार को एक सरकारी अधिकारी की आत्महत्या को लेकर पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार की कड़ी आलोचना की और मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच की मांग की।

आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री द्वारा इस्तीफा मांगने पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने पद छोड़ दिया।

अमृतसर में पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार को जहर खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। एक कथित वीडियो में उन्होंने मंत्री पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।

मान ने इस संबंध में मुख्य सचिव को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

शनिवार देर रात को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि सभी दलों – शिअद, कांग्रेस और भारती जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को मान के आवास का घेराव करने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़, अकाली नेता मजीठिया और कांग्रेस नेता एवं विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने अमृतसर में इस संबंध में निर्णय लिया।

विपक्षी दलों के नेता भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अमृतसर के रणजीत एवेन्यू थाने के बाहर डेरा डाले हुए हैं।

पंजाब के लहरागागा में एक रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया, जिसके कारण सरकारी अधिकारी भी आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।

वहीं, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भुल्लर के इस्तीफे को ‘‘दिखावा’’ करार दिया।

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि भुल्लर के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

भाषा सुरभि देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments