चंडीगढ़, 30 सितंबर (भाषा) पंजाब के पूर्व मंत्री अनिल जोशी के बुधवार को यहां कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जोशी ने कुछ दिन पहले दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी, जिससे उनके पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता जोशी ने 2021 में कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन को ‘गलत तरीके से संभालने’ को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की थी। उसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।
बाद में वह शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए थे।
जोशी 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर अमृतसर उत्तर से विधायक निर्वाचित हुए थे।
वर्ष 2012-2017 के अकाली-भाजपा शासनकाल में उन्हें स्थानीय निकाय, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री बनाया गया था। उन्होंने 2024 का लोकसभा चुनाव अमृतसर सीट से अकाली दल के टिकट पर लड़ा था, लेकिन हार गए थे। उन्होंने पिछले साल नवंबर में अकाली दल से इस्तीफा दे दिया था।
इस साल जून में, जोशी लुधियाना में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में फिर से अकाली दल में शामिल हो गए थे।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.