पुडुचेरी, 21 मार्च (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता आर. शिवा तथा उनके परिवार के पास कुल 24.91 करोड़ रुपये की संपत्ति है। केंद्र शासित प्रदेश में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए शिवा ने शनिवार को निर्वाचन आयोग के समक्ष दायर हलफनामे में इस बात की जानकारी दी।
चुनावी हलफनामे के अनुसार, विपक्ष के नेता शिवा के पास 2.01 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी एस. निर्मला के पास 4.75 करोड़ रुपये और बेटी एस. संथोशी के पास 7.63 लाख रुपये की चल संपत्ति है। दंपति के पास चल संपत्ति में ट्रैक्टर और आइशर वैन समेत कुल आठ वाहन भी शामिल हैं।
शिवा (59) के नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के पास 3.51 करोड़ रुपये की कृषि भूमि, 2.04 करोड़ रुपये की गैर-कृषि भूमि, 6.01 करोड़ रुपये की वाणिज्यिक इमारतें और 6.50 करोड़ रुपये के आवासीय भवन हैं। इस प्रकार उनकी कुल अचल संपत्ति 18.06 करोड़ रुपये है।
हलफनामे में यह भी बताया गया है कि दंपति पर बैंकों और अन्य संस्थानों का कुल 6.83 करोड़ रुपये का कर्ज है।
सोने-चांदी की संपत्ति के रूप में शिवा के पास 300 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 43.95 लाख रुपये है, जबकि उनकी पत्नी के पास 750 ग्राम सोना (1.09 करोड़ रुपये) और 6,000 ग्राम चांदी (16.56 लाख रुपये) है। उनकी बेटी के पास 50 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 7.32 लाख रुपये है।
आय के मामले में, वर्ष 2024-25 में शिवा की वार्षिक आय 10.37 लाख रुपये रही, जबकि उनकी पत्नी की आय 66.27 लाख रुपये दर्ज की गई।
भाषा रवि कांत रवि कांत देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
