scorecardresearch
रविवार, 15 जून, 2025
होमदेशमणिपुर हिंसा को लेकर दिल्ली, झारखंड और गोवा में विरोध प्रदर्शन

मणिपुर हिंसा को लेकर दिल्ली, झारखंड और गोवा में विरोध प्रदर्शन

Text Size:

नयी दिल्ली/रांची/पणजी, 21 जुलाई (भाषा) मणिपुर में हिंसा रोकने और शांति बहाल करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने शुक्रवार को दिल्ली, झारखंड और गोवा में प्रदर्शन किया।

मणिपुर में चार मई को हुई एक घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद से राज्य के पहाड़ी क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक समुदाय के कुछ लोग अन्य समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमा रहे हैं।

दिल्ली में, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन और क्रांतिकारी युवा संगठन के नेतृत्व में कार्यकर्ता तख्तियां और बैनर लेकर जंतर-मंतर पर एकत्र हुए। इन तख्तियों और बैनरों पर ‘मुख्यमंत्री बीरेन सिंह इस्तीफा दो’ और ‘मणिपुर में हिंसा समाप्त करो’ जैसे संदेश लिखे थे।

क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) ने एक बयान में कहा, ‘केवाईएस इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह से तुरंत इस्तीफा देने की मांग करता है।”

वहीं इस मामले पर झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को आदिवासी संगठनों ने विरोध मार्च निकाला।

लगभग 10 अलग-अलग आदिवासी संगठनों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला, जहां प्रतिभागियों ने कथित तौर पर हिंसा को रोकने में विफल रहने के लिए केंद्र और मणिपुर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। मणिपुर में हो रही हिंसा में अब तक 160 लोगों की जान चली गई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

केंद्रीय सरना समिति (केएसएस) के केंद्रीय अध्यक्ष अजय तिर्की ने कहा, ‘दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके घुमाने की घटना ने देश को शर्मसार कर दिया है। हम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मामले को गंभीरता से लेने की अपील करते हैं। हम मांग करते हैं कि मणिपुर में तुरंत राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।’

इस बीच, मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार के विरोध में शुक्रवार को गोवा में एक महिला ने अपना सिर मुंडवा लिया।

समान विचारधारा वाले नागरिकों के एक समूह ने घटना की निंदा करते हुए पणजी के आज़ाद मैदान में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।

एक ओर प्रदर्शनकारियों ने मणिपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारे लगाए, तो समूह की एक महिला ने अपना सिर मुंडवा लिया।

भाषा जोहेब अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments