scorecardresearch
Monday, 3 November, 2025
होमदेशप्रियंका का प्रधानमंत्री पर कटाक्ष: ‘अपमान मंत्रालय’ बना लें, समय व्यर्थ नहीं होगा

प्रियंका का प्रधानमंत्री पर कटाक्ष: ‘अपमान मंत्रालय’ बना लें, समय व्यर्थ नहीं होगा

Text Size:

सहरसा/लखीसराय (बिहार), तीन नवंबर (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए सोमवार को कहा कि उन्हें अलग से एक ‘अपमान मंत्रालय’ बनाना चाहिए ताकि वह विपक्ष पर बार-बार अपमान का आरोप लगाने में जो समय बर्बाद करते हैं, वह न करें।

उन्होंने बिहार के सहरसा और लखीसराय में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए महिलाओं का आह्वान किया कि वे राज्य सरकार से 10 हजार रुपये ले लें, लेकिन वोट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट कतई न दें क्योंकि इस सरकार की नीयत साफ नहीं है और यह 10 हजार रुपये ‘राजनीतिक घूस’ है।

प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि बिहार में कोई ‘डबल इंजन सरकार’ नहीं है, बल्कि ‘सिंगल इंजन सरकार’ है जिसे प्रधानमंत्री मोदी चला रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी और गृह मंत्री हमेशा अतीत की बात करते हैं… ये लोग हमेशा कहीं न कहीं से, किसी के अपमान की बात निकाल लेते हैं। कर्नाटक में कहा कि विपक्ष ने कर्नाटक का अपमान किया। पश्चिम बंगाल में गए तो पश्चिम बंगाल के अपमान की बात की। बिहार में कह रहे हैं कि विपक्षी दल बिहार का अपमान कर रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘मेरा सुझाव है कि प्रधानमंत्री एक नया मंत्रालय बना दें और उसका नाम ‘अपमान मंत्रालय’ रखें ताकि उनका समय व्यर्थ न हो। वह बड़ी-बड़ी सूचियां निकाल देते हैं कि इसने गाली दी, उसने गाली दी, अपमान किया। वह खुद क्या सूची बनाएंगे, यह ‘अपमान मंत्रालय’ बना देगा।’’

प्रियंका गांधी ने दावा किया कि बिहार में 65 लाख से ज्यादा लोगों के वोट काट दिए गए, जिसका मतलब है कि इन लोगों के अधिकार ख़त्म कर दिए गए।

उनका कहना था, ‘‘वोट जनता को कई सारे अधिकार देता है और अगर यही चला जाएगा तो आपके पास कुछ नहीं बचेगा। वोट चोरी जनता के खिलाफ बहुत बड़ी साजिश है।’’

कांग्रेस नेता ने बिहार सरकार की महिलाओं से संबंधित योजना का हवाला देते हुए कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार बिहार चुनाव से हफ्ते भर पहले महिलाओं को 10 हजार रुपये देने की घोषणा करते हैं। ये 10 हजार रुपये, 20 साल से कहां थे?’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और जनता दल (यू) की नीयत साफ नहीं है।

प्रियंका गांधी ने महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘इनकी नीयत को पहचानो। इनसे 10 हजार रुपये ले लो, लेकिन इन्हें अपना वोट मत दो।’’

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी जी ने समानता और अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया था, आज हम वही संघर्ष कर रहे हैं, आज भी वही परिस्थिति है। पहले अंग्रेजी साम्राज्य था और अब मोदी जी का राज है, जिसमें आवाज उठाओगे तो पीटे जाओगे, अगर सवाल करोगे तो मारे जाओगे, अगर संघर्ष करोगे तो सुनवाई नहीं होगी, अगर बड़े उद्योगपति हो तो सुनवाई होगी। यह है मोदी जी की सरकार।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नरेन्द्र मोदी ने सारे बड़े उद्योग अपने दोस्तों को दे दिए हैं। अदाणी को एक रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से बिहार की जमीन दे दी गई, लेकिन आप वो जमीन लेने जाएंगे तो आपको कर्ज लेना पड़ेगा। वहीं, आपका कर्ज कभी माफ भी नहीं होगा, लेकिन मोदी जी के दोस्तों के हजारों करोड़ों रुपए माफ हो जाते हैं।’’

उनका कहना था, ‘‘कोसी नदी में हर साल बाढ़ आती है। इससे बहुत सारे लोगों को दिक्कत होती है और भारी नुकसान झेलना पड़ता है। पहले जब केंद्र में कांग्रेस सरकार थी तो बाढ़ को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित किया जाता था। इसमें सरकार की तरफ से आर्थिक मदद दी जाती थी, लेकिन आज कुछ नहीं मिलता।’’

प्रियंका गांधी ने लखीसराय में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया, ‘‘जैसे आपकी (जनता की) कोई सुनवाई नहीं है, उसी तरह नीतीश कुमार जी की केंद्र में कोई सुनवाई नहीं है। बिहार में कोई ‘डबल इंजन सरकार’ नहीं है, सिर्फ ‘सिंगल इंजन सरकार’ है जिसे मोदी जी चला रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा नौजवान बिहार में हैं, लेकिन सबसे ज्यादा बेरोजगार भी बिहार में हैं।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार में दलितों, अति पिछड़े, पिछड़े, अल्पसंख्यकों और महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है।

उन्होंने महागठबंधन के चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बनने पर इन पर पूरी तरह अमल किया जाएगा।

कांग्रेस महासचिव ने समस्तीपुर के रोसा में एक रोडशो भी किया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

प्रियंका गांधी एक वाहन के ऊपर बैठे हुई थीं। उन्होंने मुस्कराते हुए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। वहां मौजूद लोगों ने ‘प्रियंका लाओ, देश बचाओ’ और ‘कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे लगगाए।

रोडशो के दौरान कुछ स्थानों पर छतों से उनके ऊपर गुलाब की पंखुड़ियां फेंकी गईं। पार्टी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए और तिरंगे गुब्बारे लहराते हुए साथ-साथ चल रहे थे।

उन्होंने समस्तीपुर के रोडशो की कुछ तस्वीरें ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा कि जिस बिहार की मेहनतकश जनता अपने खून-पसीने से पूरे देश को सींचती है, उसी बिहार के युवा आज रोजगार के लिए तरस रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश बेरोजगारी, पलायन और पेपरलीक से त्रस्त है और जनता दल(यू)-भाजपा के कुशासन ने बिहारवासियों से उनका रोजगार, उनका अधिकार सब छीन लिया है तथा राज्य की जनता बिहार और सरकार दोनों बदलने के लिए तैयार है।

गांधी ने कहा, “समस्तीपुर, बिहार के रोसड़ा में रोडशो के दौरान जनता उत्साह इस बात का सबूत है कि बिहार में परिवर्तन आने जा रहा है।”

भाषा हक हक नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments