scorecardresearch
रविवार, 6 जुलाई, 2025
होमदेशराष्ट्रपति चुनाव: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ ने किया मतदान

राष्ट्रपति चुनाव: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ ने किया मतदान

Text Size:

भोपाल, 18 जुलाई (भाषा) मध्य प्रदेश विधानसभा के सभी 230 सदस्यों ने देश के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए यहां विधानसभा परिसर में सोमवार को मतदान किया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ विधानसभा के सभी 230 सदस्यों ने अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए अपरान्ह 3.30 बजे तक राज्य में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान किया।’’

निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों के सांसद और विधानसभाओं के विधायक शामिल होते हैं।

मतदान के शुरुआती घंटों में विधायकों की लंबी कतारें देखी गई । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए लगभग 11.30 बजे मतदान किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री आरिफ अकील जो कि काफी समय से अस्वस्थ हैं, अपने दो सहयोगियों के सहारे मत डालने के लिए विधानसभा परिसर में आए।

चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने से पहले विधायक गण यहां परिसर में एक दूसरे से मिलते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा पगड़ी और भगवा पोशाक पहनकर विधानसभा परिसर में पहुंचे।

राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा ने दावा किया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भारी मतों के अंतर से विजयी होंगी। मुर्मू के खिलाफ विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को उतारा है।

राज्य विधानसभा परिसर में सुबह दस बजे मतदान शुरु हुआ। शुरुआती मतदाताओं में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल थे। चौहान को वोट डालते के लिए कतार में खड़े अपनी पार्टी के कुछ विधायकों से मिलते देखा गया।

इस बीच, पत्रकारों से बात करते हुए राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया कि मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में भारी मतों के अंतर से जीत हासिल करेंगी।

उन्होंने कहा कि कुछ अन्य दलों ने भी मुर्मू को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में निर्दलीय विधायक भी राजग उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 127 और कांग्रेस के 96 विधायक हैं। बसपा के दो और सपा का एक विधायक हैं, जबकि सदन में चार निर्दलीय विधायक हैं।

भाषा दिमो

संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments