scorecardresearch
Thursday, 19 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति मुर्मू मथुरा पहुंचीं, मंदिरों में पूजा अर्चना की

राष्ट्रपति मुर्मू मथुरा पहुंचीं, मंदिरों में पूजा अर्चना की

Text Size:

( फोटो के साथ)

मथुरा (उप्र), 19 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या के बाद बृहस्पतिवार को मथुरा पहुंचीं जहां उन्होंने मंदिरों में पूजा अर्चना की और कई अन्य कार्यक्रमों में वह शामिल हुईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रपति आज शाम कैंट हेलीपैड पहुंचीं जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और प्रदेश के मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने वृंदावन में इस्कॉन मंदिर में दर्शन किया और आरती में भाग लिया।

मंदिर में ‘नाम संकीर्तन’ पाठ के दौरान राष्ट्रपति का स्वागत किया गया। इस्कॉन मंदिर के मीडिया प्रभारी पवन दूबे ने बताया कि मुर्मू ने स्वामी प्रभुपाद की समाधि पर श्रद्धांजलि दी और आरती में भाग लिया।

इसके बाद उन्होंने इस्कॉन के गौर नितई, कृष्ण बलराम और श्याम सुंदर मंदिर में पूजा की और वहां आरती की। साथ ही वह विदेशियों सहित महिला श्रद्धालुओं द्वारा प्रस्तुत एक कार्यक्रम में शामिल हुईं।

राष्ट्रपति ने गुरुकुल के बच्चों को टॉफियां और चॉकलेट दिए और उनसे बातचीत की। दूबे ने बताया कि भारी बारिश की वजह से गौ पूजन निरस्त कर दिया गया था।

प्रेम मंदिर के मीडिया प्रभारी अजय बाबा ने बताया कि मुर्मू प्रेम मंदिर भी गईं और वहां इस मंदिर के प्रमुख आकर्षण लेजर शो का आनंद लिया। बाद में वह राधा कृष्ण मंदिर में आशीर्वाद लेने गईं जहां उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना और आरती की।

अजय बाबा ने कहा कि राष्ट्रपति को एक शॉल, प्रसाद, तुलसी की माला, जगद्गुरु कृपालु महाराज के जीवन पर लिखी एक पुस्तक, प्रेस रस सिद्धांत और राधा कृष्ण की नक्काशीदार आकृतियां भेंट की गईं।

इससे पूर्व दिन में राष्ट्रपति अयोध्या में राम मंदिर गई थीं जहां उन्होंने विशेष धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और 150 किलोग्राम की स्वर्ण परत चढ़ा श्री राम यंत्र स्थापित किया था।

अधिकारियों ने कहा कि 20 मार्च को राष्ट्रपति श्री प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम में जाएंगी। साथ ही वह वृंदावन में बाबा नीम करोली की समाधि पर जाएंगी और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। वह वृंदावन में उड़िया बाबा आश्रम और देवनाल कुंड भी जाएंगी।

राष्ट्रपति शुक्रवार को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (धर्मार्थ अस्पताल) के नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी और वात्सल्य ग्राम का दौरा करेंगी। अगले दिन 21 मार्च को मुर्मू गोवर्धन में दंघाटी मंदिर में दर्शन-पूजन और आरती में शामिल होंगी। इसके बाद वह गोवर्धन की परिक्रमा करेंगी।

भाषा सं राजेंद्र सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments