scorecardresearch
शुक्रवार, 25 अप्रैल, 2025
होमदेशभारत-तंजानिया संबंधों को नई दिशा देने की तैयारी, साइबर सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी सहयोग पर जोर

भारत-तंजानिया संबंधों को नई दिशा देने की तैयारी, साइबर सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी सहयोग पर जोर

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने तंजानिया के रक्षा और राष्ट्रीय सेवा मंत्री स्टरगोमेना लॉरेंस टैक्स से दार एस सलाम में मुलाकात कर द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के नए उपायों पर चर्चा की। यह बैठक 14 अप्रैल को आयोजित की गई थी।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि सेठ ने तंजानिया के उपराष्ट्रपति फिलिप इसडोर मपांगो से भी मुलाकात की।

बैठक के दौरान भारत और तंजानिया के बीच जारी रक्षा सहयोग की समीक्षा की गई तथा उसे और मजबूत करने के संभावित नए क्षेत्रों पर चर्चा हुई।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, ‘भारतीय सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों में तंजानिया के अधिकारियों का प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग सहयोग, आतंकवाद-निरोध और उग्रवाद-रोधी अभियानों में सहयोग तथा साइबर सुरक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विस्तार से बातचीत हुई।’

इससे पहले, 13 अप्रैल को सेठ और टैक्स ने भारतीय नौसेना की पहल पर अफ्रीका-भारत के बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास के हार्बर फेज का उद्घाटन किया। यह अभ्यास दार एस सलाम में आईएनएस चेन्नई पर आयोजित किया गया जिसमें कोमोरोस, जिबूती, केन्या, मेडागास्कर, मॉरीशस, मोजाम्बिक, सेशेल्स और दक्षिण अफ्रीका जैसे देश भी भाग ले रहे हैं।

सेठ ने अपने संबोधन में समुद्री सुरक्षा से जुड़े ‘बड़े और साझा खतरों’ को रेखांकित करते हुए शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए ‘एकता और साझा उद्देश्य’ पर जोर दिया।

द्विपक्षीय बैठक के अलावा, सेठ ने तंजानिया के उपराष्ट्रपति को भारतीय रक्षा उद्योग और रक्षा प्रदर्शनी से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्स की रक्षा जरूरतों को पूरा करने का भी प्रस्ताव रखा।

मंत्रालय ने कहा, ‘यह अभ्यास हिंद महासागर क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित बनाए रखने की साझेदार देशों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारत-अफ्रीका संबंधों में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है।’

संजय सेठ ने 14 अप्रैल को सनातन धर्म मंदिर और स्वामीनारायण मंदिर का दौरा भी किया। उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाकात की और आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भी भाग लिया।

उन्होंने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए भारत की हालिया उपलब्धियों को साझा किया और भारत तथा तंजानिया दोनों के विकास में प्रवासी समुदाय की भूमिका की सराहना की।

भाषा राखी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments