(तस्वीरों के साथ)
जम्मू, पांच अगस्त (भाषा) कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के कार्यकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार को यहां सड़कों पर प्रदर्शन किया।
ये विरोध प्रदर्शन अनुच्छेद 370 के तहत पूर्ववर्ती राज्य के प्राप्त विशेष दर्जे को समाप्त करने और उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने की छठी वर्षगांठ पर आयोजित किए गए।
इन तीनों दलों ने जम्मू के सर्वदलीय संयुक्त मोर्चा (एपीयूएम) के साथ मिलकर 2019 में राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में बदले जाने की निंदा करते हुए पांच अगस्त को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाया। एपीयूएम विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों का एक समूह है।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने पूर्व मंत्री लाल सिंह और तरनजीत सिंह टोनी के साथ यहां तवी पुल पर अंतिम डोगरा शासक महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा पर क्रेन से माल्यार्पण किया।
भल्ला ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए संवाददाताओं से कहा,‘‘आज का काला दिवस प्रदर्शन ‘हमारी रियासत हमारा हक’ के तहत हमारे अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य इस ऐतिहासिक डोगरा राज्य के गौरव और वैभव की बहाली है, क्योंकि पांच अगस्त, 2019 को भाजपा ने इसी गौरव एवं वैभव को नष्ट कर दिया था।’’
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को कमजोर किया है और वह उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के कार्यालय से ‘रिमोट कंट्रोल’ के जरिए प्रशासन चला रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर विधानसभा चुनाव हुए, लेकिन सरकार को काम नहीं करने दिया जा रहा है। वे (भाजपा के लोग) चुनाव हार गए, लेकिन अब भी उपराज्यपाल कार्यालय के ज़रिए सरकार चला रहे हैं और इस दोहरे शासन के चलते जनता परेशान है।’’
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा ‘जल्द से जल्द’ बहाल करने का निर्देश दिया है, लेकिन आदेश के 10 महीने बाद भी केंद्र राज्य का दर्जा बहाल करने में टालमटोल कर रहा है।
कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर इसी तरह के प्रदर्शन किए।
राजौरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा रैली निकालने के प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया और विधायक इफ्तिखार अहमद एवं कई अन्य लोगों को कुछ देर के लिए हिरासत में भी लिया।
सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं ने प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता के नेतृत्व में जम्मू के रेजीडेंसी रोड स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
पुलिस द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों को अपना मार्च रोकना पड़ा और उन्हें पार्टी कार्यालय लौटने पर मजबूर होना पड़ा।
पीडीपी कार्यकर्ताओं ने शहर के गांधी नगर इलाके में पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
भाषा राजकुमार आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.