scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशगुजराती दंपति की हत्या के मामले में पुलिस को करीबी पर संदेह

गुजराती दंपति की हत्या के मामले में पुलिस को करीबी पर संदेह

Text Size:

कोलकाता, सात जून (भाषा) दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर में गुजराती दंपति की उनके आवास पर हत्या के मामले में पुलिस को परिवार के किसी करीबी पर संदेह है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि दंपति शेयर बाजार में निवेश करता था और पुलिस जांच में इस पहलू को भी ध्यान में रख रही है। कोलकाता पुलिस ने कहा कि परिस्थितिजन्य साक्ष्य बताते हैं कि जो लोग उनके घर आए थे, वे उन्हें जानते थे और महिला ने दरवाजा खोला होगा। महिला के कंधे पर बहुत गहरी चोट है, जिनका शव गेट के पास मिला था।

उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दंपति ने शेयर बाजार में निवेश करने के लिए किसी से कर्ज लिया था, जिसका संबंध हत्या से हो सकता है। पुलिस ने एक कमरे से खाली कारतूस बरामद किया है। अधिकारी ने कहा कि दंपति के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और अधिकारी उनके ‘कॉल लॉग’ की जांच कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के नजदीक होने के कारण उच्च सुरक्षा वाले इलाके में सोमवार शाम को शव मिलने के बाद तनाव फैल गया। दंपति की पहचान व्यवसायी अशोक शाह और उनकी पत्नी रश्मिता शाह के रूप में हुई। दोनों हरीश मुखर्जी रोड पर अपने फ्लैट में मृत पाए गए। दंपति की तीन बेटियां हैं।

भाषा सुरभि अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments